देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा एक महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के पदों के लिए प्रस्तावित भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है।
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 74/उ0अ0से0च0 आ0/2025 दिनांक 03 दिसंबर 2025 के अंतर्गत विशेष तकनीकी अर्हता वाले विभिन्न विभागों के कुल 57 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा का आयोजन 03 मई 2026 को प्रस्तावित था। आयोग ने अपने नवीनतम संवाद पत्र (संख्या 4648/अधियाचन/2025-26) के माध्यम से जानकारी दी है कि अपरिहार्य कारणों के चलते निर्धारित परीक्षा तिथि को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
आयोग के अनुसार, नई परीक्षा तिथि की घोषणा उचित समय पर आधिकारिक माध्यमों से की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। इस अचानक लिए गए निर्णय से परीक्षार्थियों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई उम्मीदवारों ने अपनी तैयारी अंतिम चरण में पहुंचा दी थी, ऐसे में परीक्षा स्थगन से उनकी रणनीति पर प्रभाव पड़ सकता है।
प्रयाग IAS अकादमी देहरादून के एमडी आर ए खान का कहना है कि उम्मीदवारों को इस अतिरिक्त समय का उपयोग अपनी तैयारी को और मजबूत करने में करना चाहिए और आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करना चाहिए।












