सरकार ने पेट्रोल डीजल की एक्साइज ड्यूटी में की 10 रुपए लीटर की कमी

8

 

नई दिल्ली। बढ़ती वैश्विक तेल कीमतों और ऊर्जा संकट के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती करने का फैसला किया है। सरकार के इस फैसले के तहत पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है, जबकि डीजल पर लगने वाली 10 रुपये प्रति लीटर की ड्यूटी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।

सरकार की अधिसूचना के अनुसार पहले पेट्रोल पर 13 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लगती थी, जिसे घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी अब शून्य कर दी गई है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब पश्चिम एशिया में तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। तेल आपूर्ति में संभावित बाधा और बढ़ती कीमतों के कारण सरकार ने ईंधन क्षेत्र को राहत देने के लिए यह फैसला लिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस कटौती से देश की तेल विपणन कंपनियों को राहत मिलेगी, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगे कच्चे तेल के कारण उन्हें दबाव का सामना करना पड़ रहा था। इस कदम से उनके घाटे को कम करने में मदद मिलेगी।

क्या सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल?
हालांकि एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद भी जरूरी नहीं कि पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में तुरंत बड़ी कमी दिखाई दे। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमत, परिवहन लागत और राज्यों द्वारा लगाए जाने वाले वैट जैसे अन्य टैक्स भी अंतिम कीमत को प्रभावित करते हैं। पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में यह कटौती सरकार का बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे तेल कंपनियों को राहत मिलने के साथ-साथ भविष्य में आम उपभोक्ताओं को भी ईंधन कीमतों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।