देर शाम खाना बना रही महिला को रसोई से खींच ले गया भालू

40

 

देहरादून। प्रदेश में मानव वन्यजीवों के बीच संघर्ष की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अब रूद्रप्रयाग जिले के अगस्तमुनि विकासखंड से एक सनसनीखेज और भयावह घटना सामने आई है। सोमवार देर शाम ग्राम सभा कमसाल के सिमार (ऐंटा) तोक में एक महिला पर घर के भीतर ही भालू ने हमला कर दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय पूनम राणा अपने घर की रसोई में रोटी बना रही थीं। इसी दौरान अचानक एक भालू रसोई में घुस आया और महिला को जबरन खींचते हुए खेतों की ओर ले गया। भालू के हमले से महिला की चीख -पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाना शुरू किया। ग्रामीणों के हो-हल्ला और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बमुश्किल भालू के चंगुल से छुड़ाया जा सका। इस दौरान भालू महिला को गंभीर रूप से घायल कर चुका था। घटना के बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।

घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम महिला का इलाज कर रही है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाने की मांग की है।

वहीं, सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने और शाम के समय अकेले बाहर न निकलने की अपील की गई है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है।

चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र में भालुओं ने मचाया आतंक, सोमवार को दो भालू स्कूल में घुसे और एक बच्चे को उठाकर ले गए

देहरादून। प्रदेश में भालुओं का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है. दो दिन पहले जहां चमोली जिले के पोखरी विकासखंड में भालू ने स्कूल से घर जा रहे बच्चे पर हमला किया था, आज फिर इसी इलाके में दो भालू स्कूल परिसर में घुस गये. भालुओं को देखकर बच्चों ने क्लास के गेट बंद कर दिया था. फिर भी भालू एक बच्चे पर अपने नाखूनों से हमला करने में कामयाब हो गए और उसे घसीट कर झाड़ियों में ले गए। छात्र की चीख -पुकार सुनकर दो छात्रों, एक छात्रा और शिक्षक ने हिम्मत दिखाई. सभी लोग एक साथ चिल्लाते हुए भालुओं की तरफ भागे. शोरगुल से घबराकर भालू छात्र को छोड़कर जंगल की ओर भाग गये. इसके बाद घायल छात्र को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए पास के हॉस्पिटल भेजा गया।

इस घटना के बाद स्कूल के छात्र काफी डरे हुए हैं. शिक्षकों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार वन विभाग को क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही की सूचना दी गई थी, लेकिन वन विभाग की ओर से न तो गश्त बढ़ाई गई और न ही कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था की गई।

इस घटना को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में गहरा रोष है. उन्होंने शासन-प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि विद्यालयों और आबादी वाले क्षेत्रों में वन्य जीवों की निगरानी बढ़ाई जाए. साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सुबह स्कूल परिसर में आचनक से भालू घुस आया था. भालू ने एक बच्चे पर हमला भी किया है. जिसके बाद भालू वहां से भाग गया था. वन विभाग की टीम स्कूल के समय वहां पर पेट्रोलिंग करती है. वन विभाग की टीम ही बच्चों को स्कूल लेने और छोड़ने जाती है. अब भालू के मारने के लिए वाइल्ड लाइफ को पत्र लिख कर भेज दिया गया है.
-सर्वेश दुबे, प्रभागीय वन अधिकारी, बदरीनाथ वन प्रभाग-

चमोली के जिला शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित के अनुसार जिलाधिकारी द्वारा आदेश कर दिए गए हैं कि 15 जनवरी तक बच्चों के स्कूल का समय 10 से 3 बजे तक ही रखने के निर्देश जारी किए गए हैं. जबकि आंगनबाड़ी 10 से 1:00 तक की खुलेंगे. उधर बच्चों को सीट बांटने के लिए कहा गया है. साथ ही परिजनों से बच्चों को ग्रुप में ही स्कूल भेजने का भी अनुरोध किया गया है।