सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ महिलाएं एलिवेटेड रोड पर लिखते हुए नजर आ रही हैं कि ‘यह रोड मुसलमानों के लिए नहीं। वीडियो सामने आने के बाद से ये वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का बताया जा रहा है। वीडियो करीब एक मिनट का है, जिसमें कुछ महिलाएं व कुछ युवक नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं एक्सप्रेस वे पर स्प्रे से लिख रही हैं कि यह रोड मुसलमानों के लिए नहीं। लिखने के बाद महिलाएं जय श्री राम भी कहती हुई नजर आ रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इसको लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि बिहारीगढ़ स्थित दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर देर रात हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने पेंट से यह आपत्तिजनक वाक्य लिखा। पुलिस को खबर लगी तो आनन फानन में इस पर पेंट कराया गया। एनएचएआई के कर्मचारी की तरफ से इसकी शिकायत कराई गई। जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हिंदू रक्षा दल ने इसकी जिम्मेदारी ली है। हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने कहा है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे हमारे कार्यकर्ताओं ने लिखा है कि मुसलमानों के लिए सड़कें नहीं हैं। बिल्कुल ठीक लिखा है। उन्होंने कहा कि हमारे दिए टैक्स के पैसे का फायदा ये लोग उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को सरकारी सुविधाओं से वंचित कर देना चाहिए, टैक्स हम देते हैं।








