राजधानी में देर रात हुए गोलीकांड में घायल हुआ युवक

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में एक रेस्तरां के बाहर बीती रात गोलीबारी की घटना में एक युवक घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

घटना देर रात मसूरी डाइवर्जन से आगे राजपुर की ओर स्थित एक रेस्तरां के बाहर हुई। कंट्रोल रूम के माध्यम से राजपुर थाने को गोली चलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। गोली लगने से घायल हुए युवक की पहचान अनारवाला निवासी संभव गुरुंग के रूप में हुई। उसे तुरंत एम्बुलेंस से मैक्स अस्पताल भेजा गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि संभव गुरुंग अपने दोस्तों के साथ रेस्तरां में खाना खाने गया था, जहाँ उसका दो युवकों और एक युवती से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद रेस्तरां के बाहर भी जारी रहा। जब संभव गुरुंग के 10-12 दोस्त मौके पर इकट्ठा हो गए, तो दूसरे पक्ष के एक युवक ने कथित तौर पर डराने के इरादे से हवा में गोली चला दी। इसी दौरान एक गोली संभव गुरुंग को लग गई।

घटना के बाद फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। संभव गुरुंग के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर राजपुर थाने में धारा 109 Bns के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर टीमों को भेजा गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!