अवैध खनन में चौकी प्रभारी समेत पूरा स्टाफ निलंबित
देहरादून। हरिद्वार जिले में अवैध खनन से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए इकबालपुर पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है।अवैध खनन से संबंधित एक ऑडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए चौकी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले के इकबालपुर क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। इसी बीच एक कथित ऑडियो भी सामने आया, जिसमें अवैध खनन से जुड़े लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच बातचीत होने की बात सामने आई। ऑडियो के सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया और शासन स्तर पर भी इसे संज्ञान में लिया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी इकबालपुर), हेड कांस्टेबल विरेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह और कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार, इस मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात को सौंपी गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि अवैध खनन में पुलिसकर्मियों की भूमिका कितनी थी और किन परिस्थितियों में यह गतिविधियां संचालित हो रही थीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
गौरतलब है कि हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आती रही हैं। प्रशासन की ओर से समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती रही है, लेकिन इस बार सीधे पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ के निलंबन से मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











