उत्तराखंड: उत्तरकाशी में हुई बस दुर्घटना में 26 यात्रियों के शव बरामद, चार घायलों की हालत भी नाजुक

MS Malik
By
3 Min Read

हादसे में घायल 4 लोगों की हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर

चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है दुर्घटना की प्रारंभिक वजह

देहरादून। उत्तरकाशी जिले में कल हुई बस दुर्घटना में 26 यात्रियों के शव बरामद हो गए हैं। जबकि घायल 4 यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है जिन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार 26 यात्रियों के शव रिकवर कर लिए गए हैं। हादसे में घायल 4 लोगों की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है जिनको देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। बस में ड्राइवर कंडक्टर के अलावा मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के 28 यात्री सवार थे। दुर्घटना की प्रारंभिक वजह चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस का बिना रुके चार धाम का यह तीसरा ट्रिप था। 25 मृतकों के शव जौली ग्रांट हॉस्पिटल देहरादून के लिए भेज दिए गए। जबकि विक्रम बोरा निवासी केसरगढ़ अल्मोड़ा का शव सीएचसी नौगांव में रखा गया है जिस के परिजन मौके पर पहुंच रहे हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के उपरांत शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

दुर्घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर्ड गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को एक एक लाख तथा घायलों को ₹50-50 हजार तथा उत्तराखंड परिवहन निगम ने भी मृतकों के परिजनों को एक एक लाख तथा घायलों को 40-40 की सहायता राशि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।

जानकारी के अनुसार 69 यात्रियों का दल 20 मई को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से यात्रा पर निकला था। चित्रकूट और पशुपतिनाथ काठमांडू के बाद 2 जून को यह लोग हरिद्वार पहुंचे। रविवार को यह यात्री अलग-अलग बसों में सवार होकर यमुनोत्री के लिए रवाना हो गए। दुर्घटनाग्रस्त बस यातायात पर्यटन एवं विकास सहकारी संघ लिमिटेड कंपनी की है। ऋषिकेश के एआरटीओ अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को 15 मई से 15 नवंबर तक के लिए ग्रीन कार्ड जारी किया गया था। साथ ही रविवार को इसे यात्रा का ट्रिक कार्ड जारी किया गया था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!