उत्तराखंड: रेप के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार, पार्टी ने भी किया निष्कासित

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। प्रदेश के चंपावत में भाजपा नेता कमल रावत पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप लगा है। इसके बाद पुलिस ने पाॅक्सो समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कमल रावत को चंपावत से देर रात पकड़ा है। भाजपा नेता रहे कमल रावत को पार्टी ने पहले ही निष्कासित कर दिया। 29 दिसंबर को भाजपा नेता पर नाबालिग से रेप का आरोप लगा था। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

इस मामले में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी योगेश उपाध्याय ने बताया कि पूर्व भाजपा नेता कमल रावत पर नाबालिग लड़की से रेप का आरोप है उसे चंपावत से पकड़ा गया है। पुलिस ने भाजपा नेता पर पाॅक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। शनिवार को पीड़िता का मेडिकल कराया गया था लेकिन कोर्ट में पेश नहीं किया जा सका।

बता दें कि चंपावत सीएम पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा क्षेत्र है। ऐसे में पार्टी के जिलाध्यक्ष ने तुरंत प्रभाव से रावत को निष्कासित कर दिया। मामले में चंपावत के एसपी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि चंपावत के पूर्व भाजपा नेता पर आईपीसी की धारा 376, 504, 506 और पाॅक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने की आनाकानी
इससे पहले पीड़िता की मां ने पुलिस पर आरोप लगाया कि जब हम मामला दर्ज करवाने थाने पहुंचे तो पुलिस ने मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया। इस दौरान पीड़िता की मां परिजनों के साथ घंटों कोतवाली में बैठी रही। इस दौरान उन्हें मीडिया कर्मियों से भी नहीं मिलने दिया गया। इसके बाद दोपहर में मुकदमा दर्ज हो पाया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!