ऑरेंज अलर्ट के चलते देहरादून में आज सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद

6

देहरादून। जिले में लगातार हो रही बारिश और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बुधवार, 5 अगस्त को जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।


जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पिछले कई दिनों से जिले में लगातार वर्षा हो रही है, जबकि मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका बनी हुई है। ऐसे में स्कूली बच्चों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आमजन से मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी प्रभावी रहेगा। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिए जाएंगे।