काठ बंगला बस्ती के नोटिस निरस्त करने समेत कई समस्याओं को लेकर MDDA पहुंची कांग्रेस

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा एवं पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर काठ बंगला बस्ती में mdda द्वारा जारी किए गए नोटिस निरस्त करने एवं महानगर की विभिन्न समस्याओं एवं स्थानीय मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने एमडीडीए उपाध्यक्ष को सौंपे ज्ञापन में लालचन्द शर्मा ने मांग करते हुए कहा कि काठ बंगला मलिन बस्ती के लोगों को दिये गये नोटिस को वापस लेकर इस समस्या का सौहार्दपूर्ण समाधान किया जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मलिन बस्तियों के लिए तीन वर्ष के लिए अध्यादेश लागू किया गया है जिसकी अवधि 2027 तक है ऐसी स्थिति में इस अवधि से पूर्व किसी को बेदखल किया जाना न्याय संगत नही है। बस्तीवासियों को अचानक हटाये जाने से उनका सामाजिक एवं आर्थिक जीवन प्रभावित होगा। किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पूर्व वर्षों पूर्व बसे इन लोगों का पक्ष सुना जाना चाहिए। विकास कार्यो के नाम पर जोर जबरदस्ती से लोगों के घर उजाड़ा जाना किसी भी प्रकार से न्याय संगत नहीं ठहराया जा सकता है।

पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि देहरादून महानगर में कई इलाकों में बुनियादी सुविधायें ध्वस्त पडी हुई हैं उन्हें सुधारा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं रोशनी की सुविधा से कई क्षेत्रउ वंचित हैं जिनमें चंद्रबनी चौक, सुभाषनगर चौक एवं सुभाषनगर ईदगाह के सामने हाईवीम लाइटें काफी समय से खराब पड़ी हुई हैं। इन हाई बीम लाइटों को तुरंत ठीक करवाया जाए साथ ही राजीव गांधी काम्प्लेक्स में स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 राजीव गांधी जी की मूर्ति तक सीढ़ी लगाई जाय तथा काम्प्लेक्स में लाइट एवं सफाई व्यवस्था सुचारू की जाय।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यो के बावजूद भी शहर में कई जगहों पर बुनियादी सुविधायें नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इन्दिरा गांधी डेव्लप्मेंट प्लान में कार्य धीमी गति से किया जा रहा है उसमें तेजी लाई जानी चाहिए।
लालचन्द शर्मा ने यह भी कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में बुजुर्गों के लिए सुविधायें नहीं हैं अतः बुजुर्ग नागरिकों के आराम के लिए उपयुक्त स्थानों पर बैंच लगवाई जाएं। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव पूर्व पार्षद रमेश कुमार मंगू, पूर्व पार्षद हरि प्रसाद भट्ट, पार्षद जाहिद अंसारी आदि शामिल थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!