देहरादून समेत छह जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। प्रदेश में एक बार फिर आसमान से आफ़त बरसने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेषकर पर्वतीय इलाकों में हालात बिगड़ सकते हैं, जिसके मद्देनज़र प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में रविवार को भारी से भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य जिलों में बिजली चमकने और तेज बौछारों के साथ यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि 25 अगस्त को भी पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 27 अगस्त तक प्रदेशभर में रुक-रुक कर तेज दौर की बारिश की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी ढलानों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। जिससे मार्ग क्षतिग्रस्त होने और गाड़–गदेरों में मलबा आने की आशंका है।

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट पर रखा है। संवेदनशील इलाकों और नदी-नालों के किनारे बस्तियों में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं, यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि बिना आवश्यकता पहाड़ी मार्गों पर यात्रा न करें और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें।

एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें सभी जिलों में अलर्ट मोड पर रखी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट किया गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। खासकर चारधाम यात्रा मार्गों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों पर प्रशासन की विशेष नज़र है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!