नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, घटना छिपाने को दरिंदों ने छत से नीचे फेंका

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। प्रदेश में एक बार फिर शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जिसमें तीन युवकों पर नाबालिग किशोरी के साथ हैवानियत का आरोप लगा है। आरोप है कि गैंगरेप के बाद किशोरी को छत से नीचे फेंका गया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। ऐहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। मामला हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के पथरी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता शनिवार को अपने घर के पीछे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। लड़की ने गांव के ही तीन युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि वारदात के दौरान जब कुछ लोग वहां पहुंचे तो आरोपियों ने लड़की को छिपाने के लिए उसे मकान की छत से नीचे फेंक दिया और फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस चौकी पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस बीच, घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें नाबालिग झाड़ियों में पड़ी कराहती हुई नजर आ रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लड़की को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। परिजनों की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!