देहरादून। प्रदेश में नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र से शिक्षा जगत और समाज को स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के एक नामी निजी विद्यालय में संगीत सिखाने के बहाने एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न और अशोभनीय हरकत का मामला उजागर हुआ है। पीड़िता की मां की लिखित शिकायत (तहरीर) पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संगीत शिक्षक के खिलाफ POCSO Act और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में जन-आक्रोश व्याप्त है और अभिभावक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद चिंतित हैं।
परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह शर्मनाक वाकया शनिवार को विद्यालय की संगीत कक्षा (Music Class) के दौरान घटित हुआ। आरोप है कि शिक्षक ने संगीत सिखाने की आड़ में मासूम छात्रा के साथ मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए अनुचित व अशोभनीय व्यवहार किया। स्कूल की छुट्टी के बाद जब मासूम बच्ची घर पहुंची, तो वह बेहद डरी- सहमी थी और बिलख-बिलख कर रोने लगी। परिजनों द्वारा बार-बार पूछने पर बच्ची ने आपबीती सुनाई। घटना सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने बिना किसी देरी के रामनगर कोतवाली पुलिस से संपर्क कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रामनगर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी शिक्षक के विरुद्ध POCSO अधिनियम (बाल यौन अपराध संरक्षण कानून) और BNS की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) पंजीकृत कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज कराया जा रहा है तथा आवश्यक साक्ष्य (Evidence) जुटाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष और गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आते ही स्थानीय निवासियों और अन्य छात्र-छात्राओं के अभिभावकों में गहरा रोष फैल गया है। लोगों का कहना है कि विद्यालयों में बच्चे सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे, तो शिक्षा व्यवस्था पर से विश्वास उठ जाएगा। अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से भी ऐसी घटनाओं पर तुरंत कड़े कदम उठाने और आरोपी पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।










