देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। 25 नवंबर को जारी स्थानांतरण आदेश के तहत कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और टिहरी को नए एसएसपी मिले हैं, जबकि चमोली और बागेश्वर में भी नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती की गई है।

तबादला आदेश के अनुसार डॉ. मंजूनाथ टीसी को नैनीताल से हटाकर 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। उनकी जगह अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर का एसएसपी बनाया गया है। वहीं देवेंद्र पींचा को पौड़ी और सरिता डोबाल को टिहरी का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर के एसपी अजय गणपति कुम्भार को एसडीआरएफ का सेनानायक नियुक्त किया गया है। एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी को नैनीताल भेजा गया है।
चमोली में अमित श्रीवास्तव-II को नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं डॉ. जगदीश चंद्र को बागेश्वर का एसपी नियुक्त किया गया है। बागेश्वर के पूर्व एसपी जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है। चमोली के एसपी सुरजीत पंवार को भी पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। अन्य बदलावों में पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव का सेनानायक, हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक तथा विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। अमित श्रीवास्तव-I को एसपी अभिसूचना, सर्वेश पंवार को एसपी सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय और शाहजहां जावेद खान को एसपी अग्निशमन सेवा बनाया गया है।
इसके अलावा पुलिस मुख्यालय में जितेंद्र मेहरा और सुरजीत पंवार की तैनाती की गई है। इस व्यापक फेरबदल में पीएसी, आईआरबी, एसडीआरएफ, अभिसूचना और अग्निशमन सेवा में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए पुलिस कप्तानों के सामने अपने-अपने जिलों में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने की चुनौती होगी। सभी तबादले शासनादेश के अनुसार तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।

पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल; 17 IPS अधिकारियों के तबादले कई जिलों को मिले नए कप्तान
Leave a Comment