नीली बत्ती वाली कार, ‘भारत सरकार’ का बोर्ड और हाथ में एयरगन… फर्जी I.B. अधिकारी गिरफ्तार 

Astitva Times Desk
5 Min Read

 

 सघन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया फर्जीवाड़ा, फर्जी I.B. आईडी कार्ड और दस्तावेज बरामद हुंडई कार सीज

देहरादून। नैनीताल पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान एक ऐसे युवक का फर्जीवाड़ा सामने आया है, जो नीली बत्ती लगी कार पर ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगाकर खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (I.B.) का अधिकारी बताकर घूम रहा था। पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की तो उसके दावों की पोल खुलने लगी। तलाशी में फर्जी I.B. आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान तिकोनिया चौराहे पर काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 आती दिखाई दी। कार पर नीली बत्ती के साथ ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा हुआ था। वाहन के हावभाव और उसके ऊपर लगे सरकारी प्रतीकों को देखते हुए पुलिस टीम ने कार को रोककर चालक से पूछताछ शुरू की।

पुलिस के अनुसार, चालक ने अपना परिचय I.B. Officer के रूप में दिया और पहचान के तौर पर एक आईडी कार्ड भी प्रस्तुत किया। उसने अपना नाम मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया।
पुलिस ने जब उससे उसके पद, नियुक्ति और विभाग से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ के दौरान उसके जवाबों में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस को आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेजों की वास्तविकता पर शक हुआ तो पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से कई ऐसे सामान बरामद हुए, जिनसे पूरे मामले का खुलासा हो गया।


पुलिस के मुताबिक कार से—
फर्जी I.B. आईडी कार्ड
इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात
पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन
नीली बत्ती लगी हुंडई कार
‘भारत सरकार’ लिखा बोर्ड
बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह रौब और प्रभाव दिखाने के उद्देश्य से एयरगन अपने साथ रखता था। वहीं उसके पास मौजूद I.B. आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेजों के फर्जी होने की बात भी सामने आई।प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर खुद को I.B. अधिकारी/जवान के रूप में प्रदर्शित करने के लिए फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था। नीली बत्ती लगी कार और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड उसकी इस कथित फर्जी पहचान को और प्रभावशाली बनाने का जरिया थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने फर्जी पहचान और दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां-कहां और किन उद्देश्यों से किया, उसके संपर्क में कौन-कौन लोग हैं और इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

मामले में थाना हल्द्वानी में मु0 FIR संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपी मो. मोहासिब खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। साथ ही नीली बत्ती और सरकारी बोर्ड लगी हुंडई कार को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया गया है।

फर्जी I.B. अधिकारी बनकर घूमने के इस मामले ने पुलिस की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अब पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड, फर्जी आईडी और दस्तावेज तैयार कराने के स्रोत, नीली बत्ती व सरकारी बोर्ड हासिल करने के तरीके तथा उसके संपर्कों की भी पड़ताल कर सकती है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इस कथित फर्जी पहचान का इस्तेमाल कहीं अन्य स्थानों पर लोगों को प्रभावित करने या किसी अन्य गतिविधि में तो नहीं किया।
फिलहाल, नीली बत्ती, ‘भारत सरकार’ का बोर्ड और एयरगन के सहारे सरकारी अधिकारी होने का रौब दिखाने वाला युवक पुलिस की गिरफ्त में है और उसके फर्जीवाड़े की परतें जांच के साथ खुलने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!