मेघावी छात्रों के सपनों को मिलेगी उड़ान, वाहिनी स्कॉलरशिप ट्रस्ट उठाएगा ग्रेजुएशन का खर्च

5

 

कक्षा 12 के होनहार विद्यार्थियों के लिए बड़ा मौका; ट्यूशन फीस से हॉस्टल, लैपटॉप, किताबों और यात्रा तक की मिलेगी मदद

नई दिल्ली। आर्थिक तंगी के कारण यदि किसी मेधावी विद्यार्थी के सपनों की उड़ान रुक रही है तो उसके लिए अच्छी खबर है। वाहनी स्कॉलरशिप ट्रस्ट ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर देने के लिए आगे आया है, जिनमें काबिलियत तो है, लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति कॉलेज की पढ़ाई के रास्ते में बाधा बन रही है। संस्था चयनित विद्यार्थियों की पूरी स्नातक शिक्षा का आर्थिक खर्च वहन करने के साथ उन्हें मेंटरशिप और करियर मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराती है।
वर्ष 2015 में शुरू हुए वाहनी स्कॉलरशिप ट्रस्ट का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। संस्था की ओर से चयनित छात्रों को अंडरग्रेजुएट कोर्स पूरा होने तक लगातार सहयोग दिया जाता है। इसमें ट्यूशन फीस और हॉस्टल खर्च के साथ किताबों, लैपटॉप, इंटरनेट और यात्रा के लिए आर्थिक सहायता भी शामिल है।


IIT से AIIMS तक पहुंच रहे वाहनी के स्कॉलर
वाहनी की पहल का असर इस बात से भी देखा जा सकता है कि उसके स्कॉलर देश के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं। संस्था के अनुसार, उसके विद्यार्थी IITs, NITs, दिल्ली विश्वविद्यालय, AIIMS और NLSIU जैसे देश के प्रमुख संस्थानों में अध्ययनरत हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को यह भरोसा मिलता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद वे देश के शीर्ष संस्थानों तक पहुंच सकते हैं।


तीन शर्तें पूरी करना जरूरी
स्कॉलरशिप का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों के लिए कुछ पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं। विद्यार्थी के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम होनी चाहिए। इसके अलावा कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थी के कम से कम 85 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। आवेदन करने वाला विद्यार्थी वर्तमान में कक्षा 12 में अध्ययनरत होना चाहिए। सबसे खास बात यह है कि छात्रवृत्ति के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। पात्र विद्यार्थी हर वर्ष 1 अगस्त से 1 नवंबर के बीच आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी वाहनी स्कॉलरशिप ट्रस्ट की वेबसाइट पर जाकर छात्रवृत्ति और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

स्कूलों और शिक्षकों से छात्रों तक जानकारी पहुंचाने की अपील
वाहनी स्कॉलरशिप ट्रस्ट की ओर से देशभर के स्कूलों, शिक्षकों और समाज के जिम्मेदार लोगों से अपील की गई है कि वे इस अवसर की जानकारी ऐसे विद्यार्थियों तक जरूर पहुंचाएं, जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं। संस्था का प्रयास है कि पैसों की कमी किसी विद्यार्थी को उसके सपनों की मंजिल तक पहुंचने से न रोक सके।
यदि किसी छात्र में प्रतिभा और मेहनत का जज्बा है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति उच्च शिक्षा की राह में दीवार बनी हुई है, तो वाहनी स्कॉलरशिप उसके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।
ऑनलाइन आवेदन व अधिक जानकारी: वाहनी स्कॉलरशिप ट्रस्ट की वेबसाइट पर
संपर्क: साक्षी गुप्ता, वाहनी पूर्व-छात्रा (Alumna) — +91 9027391092