महेश जगुड़ी पत्नी समेत भाजपा से निष्कासित

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ नामांकन दाखिल करने पर अंशिका जगुडी एवं उनके पति को छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। उत्तरकाशी की सियासत में मंगलवार को माहौल गर्मा गया, जब भाजपा ने अपने ही घर के दो खिलाड़ियों को मैदान से बाहर कर दिया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी दीपेन्द्र कोहली के खिलाफ मैदान में उतरीं अंशिका जगूड़ी और उनके पति महेश जगूड़ी को भाजपा ने सीधा 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के आदेश पर प्रदेश महामंत्री ने पत्र जारी कर कहा “अनुशासन तोड़ोगे, तो बख्शा नहीं जाएगा।” चेतावनी भी साफ है—भविष्य में जो भी जिला पंचायत सदस्य अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ वोट देगा उस पर भी कार्रवाई तय है।

दरअसल, धनारी फोल्ड पुजार गांव से जिला पंचायत सदस्य चुनी गईं अंशिका जगूड़ी ने उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल कर सबको चौंका दिया। मंगलवार को नाम वापसी की आखिरी तारीख तक भी अंशिका ने पीछे हटने से इनकार किया। नतीजा—भाजपा ने पति-पत्नी दोनों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस बीच, जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर रमेश चौहान पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि उपाध्यक्ष की कुर्सी के लिए अब मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!