विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच पुलिस विभाग में प्रशासनिक सर्जरी, कोतवाली नगर से लेकर रायपुर, पटेलनगर, प्रेमनगर और सहसपुर तक बदले प्रभारी
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला तेज हो गया है। दूसरे जनपदों में नियुक्त निरीक्षकों के स्थानांतरण के चलते देहरादून जनपद के विभिन्न थानों में उत्पन्न रिक्तियों को देखते हुए पुलिस महकमे ने बड़ा फेरबदल किया है। जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार जनपद में तैनात 18 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में पुलिस लाइन से सात निरीक्षकों को विभिन्न थानों का प्रभारी बनाया गया है। वहीं चकराता और एएचटीयू में तैनात निरीक्षकों को भी नई तैनाती दी गई है। इसके अलावा कई थानों के थानाध्यक्षों को बदलते हुए उन्हें एसएसआई, एसओजी और अन्य शाखाओं में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन निरीक्षकों को मिली थानों की कमान
जारी सूची के मुताबिक निरीक्षक कमल मोहन भंडारी को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बनाया गया है। निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा को प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर, निरीक्षक वीरेन्द्र चन्द्र रमोला को प्रभारी निरीक्षक रायपुर, निरीक्षक मुकेश चौहान को प्रभारी निरीक्षक रायवाला तथा निरीक्षक मनोहर भंडारी को प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में निरीक्षक नरेन्द्र बिष्ट को प्रभारी निरीक्षक सहसपुर और निरीक्षक शान्ति कुमार को प्रभारी निरीक्षक सेलाकुई नियुक्त किया गया है।
वहीं प्रभारी निरीक्षक चकराता के पद पर तैनात निरीक्षक बीएनएल भारती को प्रभारी निरीक्षक थाना मसूरी बनाया गया है। एएचटीयू के प्रभारी निरीक्षक राकेंद्र कठैत को थाना नेहरू कॉलोनी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को वहां से हटाकर पुलिस कार्यालय में तैनात किया गया है।

स्थानांतरण सूची में उपनिरीक्षकों के स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
उपनिरीक्षक मोहन सिंह को थानाध्यक्ष रायवाला से हटाकर एसएसआई डालनवाला बनाया गया है।
उपनिरीक्षक पीडी भट्ट को थानाध्यक्ष राजपुर से थानाध्यक्ष रानीपोखरी की जिम्मेदारी दी गई है।
उपनिरीक्षक मनोज नौटियाल को थानाध्यक्ष सहसपुर से थानाध्यक्ष बसंत विहार बनाया गया है।
उपनिरीक्षक शैंकी कुमार को थानाध्यक्ष सेलाकुई से एसओजी प्रभारी देहात नियुक्त किया गया है।
उपनिरीक्षक गिरीश नेगी को थानाध्यक्ष प्रेमनगर से एसएसआई सेलाकुई भेजा गया है।
उपनिरीक्षक अमित शर्मा को थानाध्यक्ष बसंत विहार से एसआईएस शाखा में तैनाती दी गई है।
उपनिरीक्षक संजीत कुमार को थानाध्यक्ष रायपुर से एसआईआरबी शाखा भेजा गया है।
उपनिरीक्षक कुलेन्द्र सिंह को एसएसआई डालनवाला से थानाध्यक्ष डालनवाला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कई महत्वपूर्ण थानों में बदले चेहरे
इस फेरबदल के बाद देहरादून के कई महत्वपूर्ण थानों में नए प्रभारी नजर आएंगे। कोतवाली नगर, पटेलनगर, रायपुर, रायवाला, प्रेमनगर, सहसपुर, सेलाकुई, मसूरी और नेहरू कॉलोनी जैसे महत्वपूर्ण थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।
आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के दृष्टिगत पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और प्रशासनिक रिक्तियों को भरने के उद्देश्य से किए गए इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों के स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से किए जाने का उल्लेख है।

पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 18 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले
Leave a Comment