‘आपकी समस्या, हमारी प्राथमिकता’ कार्यक्रम में जनसमस्याओं पर हुई चर्चा, बदहाल सड़कों, बढ़ते नशे और अपराध पर जताई गई गहरी चिंता
देहरादून। राजधानी देहरादून में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मोहब्बेवाला वार्ड में आयोजित एक जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने राज्य आंदोलनकारी पूरन सिंह रावत को धर्मपुर विधानसभा से कांग्रेस का प्रत्याशी बनाए जाने की मांग उठाई। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को समझने वाले और जनता के बीच सक्रिय रहने वाले व्यक्ति को ही प्रतिनिधित्व का अवसर मिलना चाहिए।

बुधवार को मोहब्बेवाला वार्ड में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ललित थापा के नेतृत्व में ‘आपकी समस्या, हमारी प्राथमिकता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं महिला शक्ति ने भागीदारी की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनना, उनके समाधान के लिए आवाज उठाना और स्थानीय मुद्दों को राजनीतिक नेतृत्व तक पहुंचाना रहा।
बैठक में क्षेत्र की बदहाल सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से सड़कों की स्थिति खराब बनी हुई है, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और अपराध की घटनाओं पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में पुलिस एवं प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण कायम किया जा सके।

कार्यक्रम में मौजूद महिला शक्ति ने भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने राज्य आंदोलनकारी पूरन सिंह रावत को धर्मपुर विधानसभा से कांग्रेस का प्रत्याशी बनाए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। लोगों का कहना था कि राज्य आंदोलन से जुड़े व्यक्तित्व को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देकर क्षेत्र की आवाज को मजबूती प्रदान की जा सकती है। स्थानीय स्तर पर उठी इस मांग को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम में विलियम, आरवी तमांग, सुरेंद्र थापा, फारूख अहमद, उमा राय, गंगाधर पंवार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं, युवाओं को नशे से बचाने, अपराध पर अंकुश लगाने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। साथ ही पूरन सिंह रावत को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग ने धर्मपुर विधानसभा में राजनीतिक चर्चा को एक नई दिशा दे दी है।

पूरण रावत को धर्मपुर से कांग्रेस प्रत्याशी बनाने की मांग
Leave a Comment