प्रेमिका ने साथियों संग मिलकर प्रेमी की गला दबाकर हत्या की, शव नहर से बरामद

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। हरिद्वार जिले के रुड़की में गुमशुदगी के एक मामले ने नया मोड़ ले लिया है। 18 वर्षीय युवक दीपक रावत की गुमशुदगी दरअसल हत्या का मामला निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की 17 वर्षीय मुक्तुलपुरी निवासी नाबालिग प्रेमिका ने अपने कथित नए दोस्त सुखविंद्र उर्फ राजा शर्मा और उसके साथियों संग मिलकर प्रेमी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया।

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2025 को चन्द्रपुरी राणा चौक निवासी युवक के परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। विवेचना में सामने आया कि दीपक का प्रेम प्रसंग एक नाबालिग किशोरी (17) से चल रहा था, जो शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवारों ने उम्र कम होने के कारण इस रिश्ते से इंकार कर दिया।

इस बीच किशोरी की दोस्ती गाजियाबाद निवासी सुखविंद्र उर्फ राजा शर्मा से हो गई। राजा को जब दीपक और किशोरी के पुराने संबंधों का पता चला तो उसने दीपक को दूरी बनाने की धमकी भी दी। पुलिस जांच में पता चला कि दीपक ने किशोरी पर लगातार संबंध बनाने का दबाव डाला, जिस पर नाराज होकर किशोरी ने पूरी बात राजा शर्मा को बताई। इसके बाद राजा ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर दीपक को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

10 अगस्त की रात किशोरी ने दीपक को अपनी मौसी के घर मोदीनगर छोड़ने के बहाने बुलाया। रास्ते में राजा और उसके साथी स्कूटी पर मिले और दीपक को छोटा हरिद्वार नहर पटरी पर ले गए। वहां रात करीब 1 बजे गला दबाकर दीपक की हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंककर उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद से राजा शर्मा फरार था और अपने दोस्त के साथ मुंबई भाग गया। उसकी तलाश में पुलिस टीम मुंबई भेजी गई है। इस बीच 15 अगस्त को किशोरी की निशानदेही पर राजा शर्मा के साथी मोहसीन निवासी गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया। किशोरी की निशानदेही पर ही दीपक का शव हापुड़ जिले के थाना धौलाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!