सहारनपुर। थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव टिडोली में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। भाजपा के अंबेहटा मंडल उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र प्रतिष्ठित नेता धर्म सिंह कोरी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे के बाद इलाके में फैली दहशत और आक्रोश के बीच लोगों ने राहत की सांस ली है।

पुलिस अधीक्षक सागर जैन ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या में शामिल साबिर पुत्र नवाब, निवासी ग्राम टिडोली और
वंदना पत्नी प्रदीप कश्यप, (महिला आरोपी)
को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

क्या था मामला
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भाजपा नेता धर्म सिंह कोरी की अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश था और वे लगातार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मामला राजनीतिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील होने के कारण पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती बना हुआ था।

एसपी सागर जैन के अनुसार घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हत्या के पीछे कोई और व्यक्ति या साजिश तो शामिल नहीं है।
क्षेत्र में राहत, पुलिस की सराहना
इस सफल खुलासे के बाद क्षेत्र के लोगों ने नकुड़ पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। परिजनों ने भी उम्मीद जताई है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। यह खुलासा नकुड़ पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिसने न केवल एक जघन्य हत्याकांड से पर्दा उठाया, बल्कि आम जनता में कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा भी मजबूत किया है।
डा. राशिद महबूब/खालिद मजीद








