मलिन बस्तियों को मालिकाना हक देने कि मांग को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। मलिन बस्तियों को मालिकाना हक़, नगर निगम में व्याप्त अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, नए वार्डों को टैक्स के दायरे में लाने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए और महानगर अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में निगम के प्रशासक के रूप में कार्यरत जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे और उनका घेराव किया। पुलिस ने डीएम कार्यालय का गेट बंद करके प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोका, जिस पर कार्यकर्ताओं ने गेट को जबरन खोलकर नारेबाजी करते हुए अंदर प्रवेश किया।

नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इसके पश्चात सिटी मजिस्ट्रेट आये और उन्होंने ज्ञापन लिया। प्रदर्शन के दौरान डॉ जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्य कभी न खत्म होने वाली परियोजना की तरह हो गए हैं। कहीं सड़क बनी है तो नालियां खुदी पड़ी हैं। कहीं सीवर लाइन बनी है तो सड़कें टूटी पड़ी हैं। इन अधूरे कामों के कारण लोग चोटिल होते रहते हैं, अधूरे पड़े डक्ट के कामों के कारण पिछली बरसात में भयानक डेंगू का प्रकोप हुआ। इससे अनेक लोगों की असमय मृत्यु हुई और नगर क्षेत्र के प्रभावित परिवार इससे आज तक उबर नहीं पाए। नगर निगम में नालियों व सड़कों की सफाई व्यवस्था भी अनियमित है।

गोगी ने कहा कि मलिन बस्तियों के निवासियों को मालिकाना हक देने की प्रक्रिया कांग्रेस शासन में शुरू की गई थी परंतु भाजपा सरकार ने इसे भी रोक दिया है। उन्होंने सरकार से तत्काल बस्ती वासियों को मालिकाना हक दिए जाने की मांग की। नगर निगम के चालीस नए वार्डों को निगम क्षेत्रों में शामिल करते हुए आश्वासन दिया गया था कि शुरू के दस वर्षों में उन पर टैक्स नहीं लगाया जाएगा। लेकिन अब वादा खिलाफी करते हुए टैक्स लगाया जा रहा है। जब तक इन मामलों का समाधान नहीं हो जाता, कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव महेन्द्र प्रताप सिंह (नेगी गुरु जी), वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एडवोकेट सुनीता प्रकाश, मनीष नागपाल, आशीष नौटियाल, सोनिया आनंद, आशा मनोरमा शर्मा, कमला रावत, सचिन थापा, आलोक मेहता, सैयद अहमद जमाल, अभिषेक तिवारी, शहजाद अंसारी, हेमंत उप्रेती, संजय गौतम,राजेश पुंडीर, प्रमोद गुप्ता ,मुकीम अहमद, सावित्री थापा, जगदीश धीमान, ललित भदरी, आदर्श सूद, अशोक कुमार,विजेंद्र चौहान,मनीष,विनय कुंदन,शिवराम, देवेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!