देहरादून। पर्यटन नगरी मसूरी में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हुड़दंग मचाकर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले 7 युवकों पर दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से मसूरी के दो अलग-अलग स्थानों पर युवकों के बीच विवाद, मारपीट और हंगामे की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी में भी युवक आपस में भिड़ते रहे और मारपीट जारी रखी।
स्थिति को गंभीर होते देख तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 7 युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सभी युवक दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी बताए गए हैं।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट, शराब के नशे में उत्पात मचाने तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने से बचें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













