दून समेत 7 जिलों में सोमवार को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

5

 

भारी से अत्यंत भारी बारिश के रेड/ऑरेंज अलर्ट के चलते जिला प्रशासन का फैसला, कक्षा 1 से 12 तक सभी शिक्षण संस्थानों में रहेगा अवकाश

देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और अगले 24 घंटे के लिए जारी भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए राज्य के सात जिलों में सोमवार, 20 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश संबंधित जिलाधिकारियों एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्षों द्वारा जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून तथा नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा 19 जुलाई को जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान में देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और नैनीताल जिलों के लिए अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना व्यक्त करते हुए रेड एवं ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के दौरान भूस्खलन, जलभराव और अन्य आकस्मिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एहतियातन सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। आदेश के तहत 20 जुलाई को संबंधित सातों जिलों के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) एवं जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जनपदों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। इस बीच जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क एवं सुरक्षित रहने का आग्रह किया है।