प्रेम प्रसंग में चाकूबाजी:  पुलिस ने आरोपी प्रेमी को किया गिरफ्तार

30

 देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन क्षेत्र में शनिवार रात को प्रेमी प्रेमिका के बीच हुई चाकूबाजी की घटना के बाद प्रेमी उदय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को वादी कृष्ण चंद्र वर्मा पुत्र स्व दयाराम निवासी 24 आदर्श विहार रायपुर रोड, थाना- रायपुर, देहरादून उम्र-55 वर्ष द्वारा थाना क्लेमेंटाउन में लिखित तहरीर दी की एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले युवक उदय पुत्र महेश नि0 जागृति विहार, मेरठ, उ0प्र0, जो M.CA प्रथम वर्ष का छात्र है, के द्वारा उनकी पुत्री को जान से मारने की नियत से उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमे उनकी पुत्री को गंभीर चोटें आई, जिसका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है एवं उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटाउन पर मु0अ0सं0- 20/2026 धारा 109(1) बीएनएस बनाम उदय सिंह का मुकदमा दर्ज किया गया।

वही जिसमें  देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के ओगल भट्टा इलाके में 7 march, शनिवार को एक प्रेम प्रसंग की भयभीत करने वाली घटना सामने आई। एक निजी शिक्षण संस्थान में साथ पढ़ने वाले प्रेमी-प्रेमिका के बीच हुए विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि दोनों ने एक-दूसरे पर किचन में रखे चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खून से लथपथ दोनों छात्र-छात्राओं को तुरंत दून अस्पताल पहुंचाया।

वही इस प्रकरण की गम्भीरता/सवेंदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा घटना में शामिल अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही हेतु आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए, जिस पर क्लेमेंटाउन पुलिस द्वारा दिनांक 07-03-26 को घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त उदय सिंह उर्फ़ विशु पुत्र महेश कुमार निवासी 103/2 जागृति विहार, थाना मेडिकल, जनपद मेरठ, उ0प्र0 हाल पता – ओगल भट्टा, थाना क्लेमेन्टाउन, देहरादून, उम्र -21 वर्ष को दून अस्पताल परिसर से गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशान देही पर उसके ओगल भट्टा स्थित कमरे से घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद किया गया।

पूछताछ का विवरण :-

पूछताछ में अभियुक्त उदय सिंह उर्फ़ विशु द्वारा बताया गया कि वह क्लेमें टाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है, तथा कृष्णा विहार ओगल भट्टा में अपने तीन अन्य दोस्तो के साथ कमरा किराये पर लेकर रह रहा है। उक्त युवती से उसकी मुलाकात सितम्बर 2025 में अपने शिक्षण संस्थान में हुई थी, जिसके बाद से ही दोनो लगातार एक दूसरे के संपर्क में थे। अभियुक्त उक्त युवती से शादी करना चाहता था, परंतु इस बीच उसे उक्त युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की जानकारी मिली, इस बात को लेकर दिनाँक 07/03/2026 उन दोनों के मध्य विवाद हो गया, जहां आवेश में आकर युवक द्वारा युवती पर चाकू से हमला कर दिया।

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की एक घटना सामने आई है, जिसमें मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि छात्र और छात्रा ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक- युवती के बीच किसी बात को लेकर पहले बहस हुई थी। कुछ ही देर में यह बहस तीखी नोकझोंक में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर युवती ने युवक पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और युवक ने भी पलटवार करते हुए युवती को चाकू मार दिया। इस घटना में दोनों को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही क्लेमेंटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों एक ही निजी विश्वविद्यालय में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और क्लेमेंटाउन क्षेत्र के ओगल भट्ठे के पास अलग-अलग निजी हॉस्टलों में रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में युवक को यह जानकारी मिली थी कि युवती किसी अन्य युवक के संपर्क में भी है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना की जानकारी मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और कुछ ही देर बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने आसपास मौजूद छात्रों से पूछताछ भी की है। घायल युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि युवती देहरादून के रायपुर क्षेत्र की निवासी है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही क्लेमेंटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक एंबुलेंस पहले से मौजूद थी। मौके पर जानकारी करने पर पता चला कि दोनों घायल युवक और युवती क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और उनके बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में युवती के किसी अन्य युवक से संपर्क में आने की बात सामने आने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।