देहरादून। कांग्रेस पार्टी सोमवार को राजभवन घेराव की सफलता के लिए जी जान से जुटी हुई है। पार्टी के पदाधिकारियों ने पूरा शहर होर्डिंग बैनरों से पाट दिया है। हर छोटा बड़ा पदाधिकारी कार्यक्रम की सफलता के लिए मेहनत कर रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में रविवार को महिलाओ के खिलाफ बढ़ते अपराध, हर स्तर पर हो रहे भ्रष्टाचार, लगातार बढ़ रही बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था व जंगली जानवरों के हमलों के खिलाफ सोमवार 16 फरवरी को आयोजित विशाल ’’राजभवन घेराव’’ कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड पहुंचकर महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, बढती महंगाई के सांकेतिक गुब्बारे उड़ाकर जनता से भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजभवन घेराव कार्यक्रम के संयोजक प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में जनता ने तय कर लिया है कि 16 फरवरी सोमवार को होने वाले कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकने का काम किया जायेगा जिसकी शुरूआत कांग्रेस पार्टी कर चुकी है।
पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि सोमवार 16 फरवरी के प्रदर्शन और राजभवन घेराव में प्रदेश के कोने -कोने से कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचेंगे तथा यह घेराव ऐतिहासिक होगा जो भाजपा सरकार की जड़ों को हिलाने का काम करेगा। इस अवसर पर संजय पालीवाल, राजपाल खरोला, नवीन जोशी, रीता पुष्पवाण, नीनू सहगल, अर्जुन सोनकर, प्रकाश नेगी, गुल मोहम्मद, फैजल, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील बांगा, पुनीत कुमार, आशु रतूडी, अजीम अली, राजकुमार जायसवाल आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।














