राज्य किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जिले का शानदार प्रदर्शन, 20 पदकों के साथ लौटे खिलाड़ी

9

 

5 स्वर्ण, 4 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान, भव्य स्वागत समारोह में हुआ सम्मान

सहारनपुर। किक बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में मेरठ स्थित IIMT University में 11 से 13 मई 2026 तक आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सहारनपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 20 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता से विजयी होकर लौटे खिलाड़ियों का डा भीम राव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य स्वागत किया गया।

किक बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ सहारनपुर के अध्यक्ष अजय कुमार एवं सचिव मनोज प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि सहारनपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। पॉइंट फाइट इवेंट में शिवांशी, खुशबू और समीर कुमार धुलियान ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। वहीं जानवी, परिणीति और रोहन ने रजत पदक अपने नाम किए। अवनी, नीति जैनत, कुणाल, शगुन, आरवी डाबर, आराध्या, आलोक कुमार, ध्रुव किरताज, सिमरन और चांदनी ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

किक लाइट इवेंट में लखन कुमार सैनी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि रोहन ने रजत और आलोक कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। म्यूजिक इवेंट्स में कुणाल ने अपनी उत्कृष्ट कला और तकनीक का प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर आयोजित स्वागत समारोह में सहारनपुर मंडल के आरएसओ जितेन्द्र यादव, क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा तथा सहारनपुर मंडल ओलम्पिक संघ के सचिव डा. अशोक कुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी खेल भावना और मेहनत की सराहना की।

अतिथियों ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सहारनपुर के ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।इस अवसर पर सहायक प्रशिक्षक प्रवीन कुमार, जिला ओलम्पिक संघ सहारनपुर के सचिव डॉ. संदीप गुप्ता, रेनू, रमा आर्य, नीरज राठी, लाल धर्मेन्द्र प्रताप, आदेश कुमार सहित अनेक खेल प्रेमियों एवं गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।