रिटायर्ड जनरल गुरमीत सिंह बने उत्तराखंड के राज्यपाल, कई अन्य प्रदेशों में भी नये गवर्नर की नियुक्ति

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड के राज्‍यपाल पद से बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को इस्‍तीफा देने के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं कि कौन बनेगा राज्य का राज्यपाल, गुरुवार को उन सभी अटकलों पर विराम लग गया, अब लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह को उत्तराखंड़ का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके साथ तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को पंजाब का गवर्नर बनाया गया है, जबकि आरएन रवि तमिलनाडु के नए राज्यपाल होंगे।
राष्‍ट्रपति भवन से जारी आदेश में इन तीन राज्‍यपालों के नाम की घोषणा की गई। वहीं, असम के राज्यपाल जगदीश मुखी को नागालैंड के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह डेप्‍युटी चीफ ऑफ आर्मी स्‍टाफ भी रह चुके हैं। उन्‍होंने दो विश्‍वविद्यालयों से एमफिल की डिग्री ली है।

फरवरी 2016 में सेना से रिटायर्ड हुए जनरल गुरमीत कई पदकों से सम्मानित अधिकारी रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल सिंह लगभग चार दशकों की सेवा के बाद फरवरी 2016 में सेना से रिटायर्ड हुए थे। लेफ्टिनेंट सिंह ने सेना में अपनी सेवा के दौरान सेना के उप प्रमुख, सहायक जनरल और कश्मीर में नियंत्रण रेखा की निगरानी करने वाली 15वीं कोर के कोर कमांडर के पद पर उल्लेखनीय काम किया। वह सैन्य संचालनों के अतिरिक्त महानिदेशक के रूप में चीन से जुड़े परिचालन और सैन्य रणनीतिक मुद्दों को भी संभाल रहे थे। लेफ्टिनेंट जनरल सिंह सेना में रहने के दौरान, एक दशक से अधिक समय तक कई विशेषज्ञ समूहों, संयुक्त कार्य समूहों, वार्षिक संवादों और चीन अध्ययन समूह की बैठकों का भी हिस्सा रहे।


लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने महत्वपूर्ण सैन्य कूटनीतिक और सीमा या वास्तविक नियंत्रण रेखा की बैठकों के लिए सात बार चीन का दौरा किया। डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कोर्स और नेशनल डिफेंस कॉलेज से स्नातक, लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने चेन्नई और इंदौर विश्वविद्यालयों से दो एम.फिल किए हैं।
इस नयी नियुक्ति के अलावा, राष्ट्रपति ने कुछ राज्यों के राज्यपालों के फेरबदल का भी आदेश दिया है, जिसमें बनवारीलाल पुरोहित को तमिलनाडु से पंजाब ट्रांसफर किया जाना शामिल है। वह पहले पंजाब का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।


दूसरी ओर केंद्र के वार्ताकार और रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी आर एन रवि को नागालैंड से तमिलनाडु के नए राज्यपाल के रूप में ट्रांसफर किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि वर्तमान में असम के राज्यपाल जगदीश मुखी को नयी नियुक्ति होने तक उनके प्रभार के अलावा नगालैंड के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए ही नियुक्त किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!