सरकार अल्पसंख्यक मेघावी छात्राओं को दे रही प्रोत्साहन राशि, 30 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन  

3

 

देहरादून। प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार द्वारा संचालित “मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना” के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश की पात्र मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में उपनिदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, उत्तराखंड द्वारा सभी जिलों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

पत्र के अनुसार, शासन के पूर्व आदेशों के तहत योजना का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की मेधावी बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के अंतर्गत उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड तथा मदरसा शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं में से चयनित लाभार्थियों को प्रोत्साहन अनुदान प्रदान किया जाएगा।

30 जून अंतिम तिथि
विभागीय निर्देशों के अनुसार योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र छात्राएं 30 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। वहीं, प्राप्त आवेदनों के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें 15 जुलाई 2026 तक पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों, जिला समाज कल्याण अधिकारियों तथा संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं मदरसों को निर्देशित किया है कि वे योजना की व्यापक जानकारी छात्राओं तक पहुंचाएं। साथ ही ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर प्रस्ताव निर्धारित समय में निदेशालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र छात्राओं को शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का लाभ समय पर मिल सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी। इससे न केवल अल्पसंख्यक समुदाय की बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार होगा।

महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ: 15 मई 2026
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 30 जून 2026
आवेदनों के सत्यापन/अपडेट की अंतिम तिथि: 15 जुलाई 2026
अल्पसंख्यक समुदाय की मेधावी छात्राओं के लिए यह योजना आर्थिक सहयोग के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।