सहारनपुर। जिले के थाना बिहारीगढ़ से एक बेहद दुखद समाचार सामने आया है। थाना बिहारीगढ़ में तैनात सिपाही काशी यादव ने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सिपाही काशी यादव का शव उनके सरकारी आवास में फंदे से लटका हुआ मिला। सहकर्मियों द्वारा सूचना दिए जाने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ बेहट और एसपी सिटी सहारनपुर सहित अन्य उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच के लिए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
गौरतलब है कि सिपाही काशी यादव पूर्व में थाना सरसावा में भी तैनात रह चुके थे। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभाग द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। अधिकारी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से जांच में जुटे हैं।











