11 अगस्त को देहरादून में लगेगा रोजगार मेला, 559 पदों पर होगा चयन

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शुरू हुआ पंजीकरण, विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी साक्षात्कार

देहरादून। राजधानी देहरादून में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा 11 अगस्त 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला प्रातः 9:30 बजे से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेकर योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार करेंगी। मेले के माध्यम से कुल 559 रिक्त पदों पर चयन की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 से प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस पर क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। बिना पंजीकरण के अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने में कठिनाई हो सकती है, इसलिए युवाओं से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थियों को अपना अद्यतन बायोडाटा, मूल शैक्षिक प्रमाण-पत्र एवं उनकी छायाप्रतियां, अन्य आवश्यक दस्तावेज, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो तथा वैध पहचान-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। सभी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अनुमति दी जाएगी।

रोजगार मेले में सीएएमपी-108, एनआईटीटी लिमिटेड, परिश्रम रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड, डिक्सॉन, एक्सिस बैंक, आईजोन, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, बारबेक्यू नेशन, आईपीसीए, मोचिको तथा टीआई मेडिकोज सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न श्रेणियों के कुल 559 पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा और आवश्यकतानुसार उनकी योग्यता एवं अनुभव के आधार पर नियुक्ति की जाएगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों की संख्या तथा उपलब्ध रिक्तियां परिस्थितियों के अनुसार घट या बढ़ सकती हैं। उन्होंने जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह मेला एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं सेवायोजन विभाग युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं तथा ऐसे रोजगार मेलों के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने और रोजगार पाने का अवसर मिल रहा है। युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि से पूर्व अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर रोजगार मेले में प्रतिभाग करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!