सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू, 28 लाख अभ्यर्थियों की अग्निपरीक्षा; किराए में 50% छूट

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही पदों पर भर्ती के लिए बहुप्रतीक्षित लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 28 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए राज्य सरकार और भर्ती बोर्ड ने व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभ्यर्थियों से आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने और नियमों का पालन करने की अपील की। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को सुविधा प्रदान करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने विशेष व्यवस्था की है। निगम ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिखाने पर रोडवेज बसों के किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। इससे दूरदराज के जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एस.बी. शिरडकर ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन, ई-केवाईसी और आइरिस स्कैन किया जा रहा है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। प्रदेश सरकार का दावा है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही पदों पर होने वाली यह भर्ती राज्य की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में से एक मानी जा रही है, जिस पर लाखों युवाओं की उम्मीदें टिकी हुई हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!