6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दून दौरा; प्रमुख सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा

Astitva Times Desk
5 Min Read

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने परेड ग्राउंड का किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा, प्रोटोकॉल, पार्किंग और जनसुविधाओं की तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी देहरादून में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर शासन और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 6 नवंबर को देहरादून पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर आयोजन स्थलों की तैयारियों तक व्यापक स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। अमित शाह के दौरे के दौरान परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा एवं पदयात्रा का आयोजन प्रस्तावित है। इसके अलावा गृह मंत्री रिजर्व पुलिस लाइन, रेसकोर्स में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में भी शामिल होंगे, जहां उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह सम्मान पहले 9 नवंबर को प्रदान किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन त्योहारों को देखते हुए कार्यक्रम की तारीख बदलकर 6 नवंबर निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में महिलाओं, किसानों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों, श्रमिकों और समाज के अन्य सभी वर्गों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और जनसुविधाओं के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए मुख्य सचिव ने सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से समीक्षा करने को कहा। उन्होंने मुख्य पंडाल, मंच, अतिथियों की बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग, यातायात प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्गों और आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा।

अमित शाह के दौरे का एक प्रमुख आकर्षण उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना होगा। यह पुलिस बल के लिए अत्यंत प्रतिष्ठित सम्मान है। इस उपलब्धि के साथ उत्तराखंड पुलिस के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ेगा। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में पुलिस बल की उपलब्धियों, अनुशासन और सेवाभाव को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा और पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोगों एवं कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, इस आयोजन में देहरादून महानगर, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

9 नवंबर को मनाया जाएगा राज्य स्थापना दिवस
गौरतलब है कि उत्तराखंड का स्थापना दिवस प्रतिवर्ष 9 नवंबर को मनाया जाता है। इस वर्ष राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, राज्य आंदोलनकारियों के योगदान और भविष्य की विकास योजनाओं को प्रमुखता दी जा रही है। परेड ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिव विनय शंकर पांडेय, सूचना सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का प्रयास है कि 6 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम सभी निर्धारित व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों के अनुरूप संपन्न हों तथा राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के आयोजन गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जा सकें।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!