हम दुनिया की सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी बनाने के लिए प्रतिबद्ध: सीएम योगी

MS Malik
By
3 Min Read

फिल्म सिटी सिर्फ उत्तर प्रदेश की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की होगी

आपके सुझावों और जरूरतों के अनुसार होगी फिल्म सिटी

मुंबई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म जगत की हस्तियों से कहा कि हम नोएडा में सिर्फ उत्तर प्रदेश के लिए नहीं, पूरी दुनिया के लिए फिल्म सिटी बनाने जा रहे हैं। यह फिल्म सिटी आपकी होगी। आपकी जरूरतों के अनुसार होगी, आप सुझाव दें। उसी के अनुसार अपने वादे के अनुरूप, नोएडा में देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। उत्तर प्रदेश में आप आइए, आपका स्वागत है।

उन्होंने यह बातें बुधवार को मुम्बई के एक निजी होटल में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े नामी कलाकारों, निर्माताओं और निर्देशकों से कहीं। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के लिए उत्तर प्रदेश में सारी जरूरी चीजें हैं। विंध्य इलाके में प्रकृति का अनुपम सौंदर्य, संस्कृति और इतिहास की सम्पन्न विरासत समेटे बुन्देलखण्ड, भगवान श्री राम की अयोध्या के अलावा और भी बहुत कुछ है।

इस दौरान फिल्मी हस्तियों ने अपने कीमती सुझाव दिए और कुछ ने अपने प्रोजेक्ट और फिल्म को लेकर व्यक्तिगत रूप से मिलने की ईच्छा भी जाहिर की। कई कलाकारों ने नोएडा में फिल्म सिटी बनाने की सीएम योगी की पहल का मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन राजू श्रीवास्तव ने किया।

कार्यक्रम की प्रस्तावना अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने रखी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष टण्डन सहित फिल्म जगत की कई मशहूर हस्तियां मौजूद रहीं।

उन्होंने कहा कि हम जिस जगह फिल्म सिटी बनाने जा रहे हैं, वह जगह, तो दिल्ली से लगे है। भगवान कृष्ण की मथुरा, वृंदावन मात्र आधे घण्टे और आगरा सिर्फ एक घण्टे की दूरी पर है। कनेक्टिविटी और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी बेहतरीन हैं।

मुख्यमंत्री ने फिल्मी हस्तियों से यूपी के लॉ एंड आर्डर पर कहा कि रही माहौल की बात, तो हम तो राम को मानते हैं। परंपरा के अनुसार राम-राम कहकर सज्जनों का स्वागत करते हैं। दुर्जनों के लिए एक ही शब्द है, राम नाम सत्य का। विकास हमारी प्रतिबद्धता है। विकास आयेगा, तो बाकी चीजें अपने आप आएंगी। लोगों का डर और असमंजस दूर हो जाएगा। उत्तर प्रदेश में यह सब हो रहा है। आप आइए आपका स्वागत है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!