लोकसभा चुनाव 2024: मुस्लिमों को साधने प्रमुख दरगाहों पर ‘सूफी संवाद’ करेगी बीजेपी

MS Malik
By
3 Min Read

सूफी संवाद के जरिए मुस्लिमों के पास जाएगी भाजपा, पार्टी को लेकर बने पूर्वाग्रह को तोड़ने की होगी कोशिश

लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत ने पिछले महीने लखनऊ प्रवास के दौरान मुस्लिमों को भी अपना बनाने पर जोर दिया था। उन्होंने मुस्लिमों से संपर्क और संवाद बढ़ाने की बात कही थी।

लोकसभा चुनाव में मुस्लिम वोट बैंक को साधने के लिए भाजपा मुसलमानों के बीच जाकर उनका भ्रम दूर करेगी। मुसलमानों से संवाद के लिए पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से सूफी संवाद महाअभियान शुरू किया जायेगा। अभियान के लिए बृहस्पतिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत ने गत महीने लखनऊ प्रवास के दौरान मुस्लिमों को भी अपना बनाने पर जोर दिया था। उन्होंने मुस्लिमों से संपर्क और संवाद बढ़ाने की बात कही थी। अब भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चा के बैनर तले सूफी संवाद महाअभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता मुस्लिमों को बताएंगे कि कांग्रेस, सपा, बसपा सहित अन्य विपक्षी दलों ने भाजपा के नाम पर मुसलमानों को डराया है, उनका राजनीतिक लाभ उठाया है। जबकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के मुसलमानों को सभी योजनाओं का लाभ मिला है। प्रशिक्षण में बताया गया कि अल्पसंख्यक समुदाय के बीच जाकर उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियां बतानी है। अब तक विपक्षियों ने जो गलतफहमियां फैलाई गई है, उसको भी दूर करना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा अल्पसंख्यक समाज ही नहीं बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा प्रदेश में चार करोड़ अल्पसंख्यकों को मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है। मोर्चा के कार्यकर्ताओं की नैतिक जिम्मेदारी है कि योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें पार्टी से जोड़ें। उन्होंने उम्मीद जताई कि कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता देश की समृद्धि और कट्टरपन को खत्म करने के लिए सकारात्मक प्रयास करेंगे।

अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि प्रत्येक जिले में सूफी संवाद कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने मुस्लिम समुदाय से जुड़ी योजनाओं को लटकाने और भड़काने का काम किया है। उन्होंने कहा- न दूरी है, न खाई है, मोदी हमारा भाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी प्रमुख दरगाहों पर संवाद किया जाएगा। मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध लोगों और धर्मगुरु से भी संवाद किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!