खुशखबरी: देहरादून- लखनऊ के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू, 1200 से 1800 रुपए होगा किराया

MS Malik
By
3 Min Read

नई वंदे भारत ट्रेन देहरादून से दोपहर 2:25 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगी. ऐसे ही लखनऊ से सुबह 5:15 बजे देहरादून के लिए रवाना होगी

देहरादून। देहरादून से लखनऊ के बीच यात्रा करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी वाली खबर सामने आई है। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से 85 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने लखनऊ-देहरादून के बीच नई वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ किया। इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रेलवे स्टेशन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहे। वंदे भारत ट्रेन लखनऊ से सुबह 5.15 बजे व देहरादून से दोपहर 2.25 बजे चलेगी । यह ट्रेन 8 घण्टे 20 मिनट के सफर में सात स्टेशन पर रुकेगी। इस ट्रेन का देहरादून से लखनऊ का किराया अलग-अगल कैटेगरी में 1200 रुपये से 1800 रुपये तय किया गया है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री एवं रेलमंत्री का देहरादून-लखनऊ के बीच वंदे भारत ट्रेन की सौगात देने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “वंदे भारत” ट्रेन, प्रधानमंत्री के प्रगतिशील और आत्मनिर्भर भारत के विजन का साक्षात उदाहरण है। आज देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। स्वदेश में निर्मित भारत की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन “वंदे भारत” उभरते हुए भारत की बुलंद तस्वीर को प्रदर्शित करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे के विस्तार हेतु 5,120 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छह स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री देवभूमि की हर मांग को पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एयर कनेक्टीविटी, रोपवे, सड़क, रेल, परिवहन पर निरंतर कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ रेलवे के द्वारा शुरू किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, कुम्हार, बुनकरों और शिल्पकारों को आजीविका के अवसर प्रदान होंगे और प्रत्येक दुकान से कम से कम चार से पांच लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!