राज प्लाज़ा के दुकानदारों को राहत,MDDA वीसी ने दिया आश्वासन

MS Malik
By
3 Min Read

MDDA की ओर से भेजे जा रहे नोटिस को लेकर दुकानदारों ने राजपुर रोड विधायक खजानदास के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सभी दुकानदारों को किया आश्वस्त

देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा राज प्लाज़ा कॉम्प्लेक्स में पार्किंग की अव्यवस्था, जलभराव की निकासी, और लोअर ग्राउंड फ्लोर पर अनधिकृत निर्माण को लेकर लगातार नोटिस जारी किए गए थे। जिसके बाद शुक्रवार को राज प्लाज़ा कॉम्प्लेक्स के एक प्रतिनिधि मंडल ने शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और राजपुर विधायक खजान दास से मुलाकात कर एमडीडीए द्वारा जारी किए जा रहे नोटिसों के बारे में अवगत कराया और राज प्लाज़ा की वास्तविक स्थिति से उन्हें परिचित कराया। दुकानदारों की समस्याओं को समझते हुए, प्रेमचंद अग्रवाल ने तत्काल एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी से दूरभाष पर चर्चा की और राज प्लाज़ा कॉम्प्लेक्स की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद राजपुर विधायक खजान दास के नेतृत्व में राज प्लाज़ा कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों ने एमडीडीए कार्यालय पहुंचकर उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें ये स्पष्ट किया गया कि राज प्लाज़ा कॉम्प्लेक्स में किसी प्रकार का अवैध या अनधिकृत निर्माण नहीं हुआ है। पिछले 26 वर्षों से इन भवन स्वामियों द्वारा दुकानों पर कब्जा है, और परिसर में पार्किंग तथा साफ-सफाई की सुचारू व्यवस्था है। किसी आपातकालीन स्थिति में निकासी में कोई बाधा नहीं है। राज प्लाज़ा एक वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स है, और अधिकांश लोअर ग्राउंड फ्लोर की दुकानें छोटे कारोबार या भंडारण के लिए उपयोग की जा रही हैं।

राजपुर विधायक खजान दास ने कहा कि सभी दुकानदार भाई राज्य के मूल निवासी हैं, वर्षों से यहाँ कारोबार कर रहे हैं, राज्य सरकार को राजस्व प्रदान कर रहे हैं, और निवासियों को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। एकतरफा कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा, जो अनुचित है। अतः इस मामले को मानवीय दृष्टिकोण से देखा जाए और समय-समय पर जारी किए गए नोटिसों को निरस्त करते हुए इस विषय को समाप्त किया जाना चाहिए।

बंशीधर तिवारी ने सभी दुकानदारों को आश्वस्त किया कि यदि राज प्लाज़ा कॉम्प्लेक्स की अवस्थाओं को दूर कर दिया जाएगा तो एमडीडीए की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। इस अवसर पर सभी दुकानदारों ने शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजान दास, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!