राजधानी पुलिस ने पकड़ा अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी घुसपैठिया

MS Malik
By
4 Min Read

एसएसपी के निर्देशन पर जनपद में बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान लगातार चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत गश्त के दौरान पुलिस एक बांग्लादेशी को गिरफ्तार किया है.

देहरादून। राजधानी पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो इससे पहले दिल्ली, हल्द्वानी और उत्तरकाशी में अवैध रूप से निवास कर चुका था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून की सटीक जानकारी पर इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक के पास भारत में निवास करने के लिए कोई वैध दस्तावेज जैसे पासपोर्ट या वीजा नहीं था. पुलिस ने इसे विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है। एसएसपी देहरादून ने सभी थाना क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन करने के आदेश दिए हैं, जिसके अनुपालन में पुलिस लगातार चेकिंग और सत्यापन अभियान चला रही है. इसी क्रम में प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 18 अक्टूबर की देर रात गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे एक व्यक्ति को रोका।

पुलिस के पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने किसी प्रकार की आईडी नहीं होने की बात कही, जिससे उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने लगीं. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक संतो विश्वास बताया. आरोपी के पास भारत में रहने के लिए कोई वैध कागजात नहीं थे।गिरफ्तार अभियुक्त मूल रूप से ग्राम कचुवा थाना अभयनगर, जिला जसौर, खुलना विभाग बांग्लादेश का निवासी है. वर्तमान में वह स्वरूप विहार एक्सटेंशन स्थित गेट नंबर 5, डी ब्लॉक, नियर केके बिल्डर्स, कांदीपुर, नॉर्थ वेस्ट, नई दिल्ली में रह रहा था. पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह इससे पहले दिल्ली, हल्द्वानी और उत्तरकाशी में भी अवैध रूप से रह कर चुका है।


गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संतो विश्वास के रूप में हुई है जिसको धारा 14 विदेशी अधिनियम और धारा 3 भारतीय पासपोर्ट अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि अभियुक्त से अभी आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी अन्य एजेंसियां भी जांच कर रही हैं. पुलिस अभियुक्त के भारत में रहने का उद्देश्य था और क्या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था, जैसे बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। इस गिरफ्तारी में थाना प्रेमनगर के थाना अध्यक्ष गिरीश नेगी के नेतृत्व में उप निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट, कांस्टेबल जसवीर सिंह और कांस्टेबल अमरिंदर सिंह शामिल थे. टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिए बारीकी से योजना बनाई और समय पर कार्रवाई की।

देहरादून में सत्यापन अभियान तेज
देहरादून के एसएसपी के निर्देशन पर जनपद में बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान लगातार चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य जिले में अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों की पहचान करना और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है। पुलिस की इस मुहिम के तहत अब तक कई संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा चुकी है. इस गिरफ्तारी के बाद से देहरादून पुलिस ने अपने अभियान को और अधिक सख्त बना दिया है, जिससे अवैध रूप से रह रहे बाहरी नागरिकों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!