जमीन दिलाने के नाम पर 11 लाख की ठगी, पति पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

MS Malik
By
3 Min Read

 

देहरादून। जमीन दिलाने के नाम पर भारतीय अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी से 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर वसंत विहार पुलिस ने आरोपित दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन विहार शिमला बाईपास मेहूंवाला निवासी प्रभात कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उन्हें पॉश कालोनी में जमीन की जरूरत थी। उन्होंने ऑफिस में संविदा पर कार्यरत वीरेन्द्र प्रसाद खंकरियाल से बात की। वीरेन्द्र प्रसाद ने उन्हें रामनरेश नौटियाल मूल निवासी पुरोला का मोबाइल नम्बर दिया। उन्होंने रामनरेश नौटियाल से फोन पर जमीन के बारे में बात की तो रामनरेश नौटियाल व उनकी पत्नी सोनम नौटियाल निवासी यमुना कालोनी गोविन्दगढ़ कैंट देहरादून (मूल निवासी ग्राम चन्देली पुसेला उत्तरकाशी) ने उन्हें मोहित नगर, महारानी बाग, इंजीनियर्स एनक्लेव, नेहरू एन्क्लेव व विजय पार्क में कई जगह भवन व भूमि दिखाई। जिसमें से उन्हें विजय पार्क (हरिपुरम रंजीतपुरम) में भूमि पंसद आई। जिस पर रामनरेश नौटियाल व उनकी पत्नी सोनम नौटियाल ने उस जमीन का अनुबंध पत्र दिखाया।

पीड़ित ने बताया कि जमीन का सौदा एक करोड़ 11 लाख रुपये में तय हुआ। बयाना के तौर पर 11 लाख रुपये रामनरेश नौटियाल व उनकी पत्नी सोनम नौटियाल को ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें पता चला कि वह भूमि बागवानी क्षेत्र की है और उस पर मकान का निर्माण नहीं किया जा सकता। रकम वापस मांगने पर रामनरेश नौटियाल व उनकी पत्नी सोनम नौटियाल ने एमडीडीए से उसी भूमि पर मकान बनवाने का नक्शा पास करवाने की बात कही। इसके बाद भी रामनरेश ने जब मकान बनाने का नक्शा पास नहीं कराया। उन्होंने रामनरेश नौटियाल से रकम वापस देने को कहा। जिस पर आरोपितों ने उन्हें दूसरी जमीन दिलाने की बात कही। आरोपितों ने उन्हें रकम लौटाने के लिए दो चेक दिए, लेकिन चेक बाउंस हो गए।रकम मांगने पर आरोपितों ने उनसे गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपित दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!