आर्थिक तौर से कमजोर छात्रों को मुफ्त कोचिंग देगा दायित्व फाउंडेशन, पिछड़ेपन को दूर करने का एकमात्र रास्ता है शिक्षाः आरए खान

MS Malik
By
3 Min Read

पुलिस भर्ती, एसआई भर्ती व समूह ग की भर्ती की तैयारी करायेगा फाउंडेशन

देहरादून। समाज के पिछड़े और आर्थिक तौर से कमजोर वर्ग को शिक्षा की मुख्यधारा में लाने के लिए देहरादून के जिम्मेदार लागों ने एक बड़ी पहल की है। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिये दायित्व फाउंडेशन की ओर से फ्री कोचिंग की शुरूआत की गई है। टर्नर रोड स्थित कोचिंग सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अथिति पहुंचे प्रयाग आइएएस अकादमी के निदेशक आरए खान ने कहा कि यह प्रतिस्पर्धा का दौर है। इसमें कड़े संघर्ष एवं एकाग्रता से ही सफलता मिल सकती है। युवाओं को अपने लक्ष्य पर फोकस रखकर तैयारी करनी चाहिये।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शहर काजी मौलाना मोहम्मद अहमद कासमी ने कहा कि तालीम हासिल किये बिना कोई समाज विकास नही कर सकता, सफलता हासिल करने के लिये तकनीकी व आधुनिक शिक्षा वक्त की जरूरत है। उन्होने कहा कि तालीम एक उजाला है जो हर अंधकार को समाज से दूर करता है और मानवीय मूल्यों को उजागर करता है।

दायित्व फाउंडेशन की बुनियाद रखने वाले मोहम्मह फरमान इकबाल ने कहा कि आर्थिक तौर से कमजारे बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं में कामयाबी के लिए ये शुरूआत की गई है। चीफ इंजीनियर पीडब्लूडी अयाज अहमद ने कहा कि यह बहुत अच्छी शुरूआत है, हम सब लोगों को भी अपना दायित्व समझना चाहिए और समाज व देश हित में जो भी हो सके करना चाहिये।


मौहम्मद शाहनजर ने कहा कि यहां पर कॅरियर गाइडेंस भी युवाओं को दी जाएगी। हर क्षेत्र के विशेषज्ञों को बुलाकर युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। फिलहाल ग्रुप सी, पुलिस, समूह ग की परीक्षाओं की तैयारी मुफ्त कराई जाएगी।

पूर्व राज्यमंत्री गुलजार अहमद कहा कि यह दौर तकनीकी शिक्षा, आधुनिक विज्ञान और कॉम्पिटिशन का दौर हैं। अपना हक और अधिकार हासिल करने के लिए कड़ा संघर्ष करना होगा। समाज के पिछड़े और आर्थिक तौर से कमजोर वर्ग को कॉम्पिटिशन में शामिल होने, प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिभाग कराने के लिये जागरूक करना होगा।

इसके अलावा रेडक्रॉस सोसायटी के महासचिव डाॅ. एमएस अंसारी, हाजी युसुफ, ईई मोहम्मद युसुफ, नदीम अतहर, हुसैन अहमद, नफीसुल हसन, एमएम खान, हाजी इकबाल व इंजीनियर अब्दुल रहमान आदि ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान मुदस्सिर अहमद, मास्टर अब्दुल सत्तार, इम्तियाज अहमद, मास्टर मुस्तकीम, जल निगम से इमरान अहमद, सुहेल युसुफ व अनस अहमद आदि मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!