राजधानी के चर्चित व्यवसाई की थाने में गुमशुदगी दर्ज, 20 करोड़ से अधिक का किया है लेनदेन

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून का एक चर्चित कारोबारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। कारोबारी पर आरोप है कि उन्होंने शेयर बाजार में निवेश कराने के नाम पर करीब 20 से 22 करोड़ रुपये तक का लेनदेन किया था। घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। पुलिस फिलहाल इसे लेनदेन से जुड़ा मामला मानकर जांच कर रही है, हालांकि अपहरण की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

नेहरू कॉलोनी निवासी कारोबारी सुनील ब्यास मंगलवार को अचानक घर से लापता हो गए। उनकी पत्नी ने इस संबंध में नेहरू कॉलोनी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि कारोबारी की अंतिम लोकेशन पांवटा साहिब में ट्रेस हुई। वहां से उनकी कार और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में भी उन्हें इलाके में घूमते हुए देखा गया, लेकिन इसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है।

पुलिस जांच में उजागर हुआ बड़ा लेनदेन

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि सुनील ब्यास ने कई निवेशकों से करोड़ों रुपये लिए थे। पुलिस फोन रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजेक्शन खंगाल रही है। एसएसपी का कहना है कि “प्रारंभिक जांच में मामला वित्तीय लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। कारोबारी की पत्नी ने भी अपहरण की आशंका नहीं जताई है। जल्द ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।”

पुलिस ने कारोबारी की खोजबीन के लिए विशेष टीमें बना दी हैं। पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस सभी एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!