राजधानी में दर्दनाक हादसे में भाजयुमो महामंत्री की मौत, कई घायल

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

टेस्ट ड्राइव के दौरान बेकाबू कार ने पैदल चल रहे लोगों को रौंदा, चालक मौके से फरार

देहरादून। राजधानी में शनिवार रात पटेलनगर थाना क्षेत्र के सेंट ज्यूड चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बेकाबू कार ने सड़क पर चल रहे कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के महानगर महामंत्री जितेंद्र सिंह बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन से चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पटेलनगर थानाध्यक्ष चंद्रभान अधिकारी के अनुसार हादसा लगभग 7:45 बजे सेंट ज्यूड चौक से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक सफेद कार अनियंत्रित होकर कई पैदल यात्रियों को टक्कर मारते हुए निकल गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि चौक से लगभग 100 मीटर आगे कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कार चालक ने कई राहगीरों को टक्कर मारी, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जांच में पता चला कि कार बुड्ढी निवासी मुजम्मिल की है, जिसे मरम्मत के लिए वर्कशॉप में लाया गया था। वर्कशॉप कर्मचारी अब्बू ने टेस्ट ड्राइव के लिए कार बाहर निकाली थी। लौटते वक्त वाहन अनियंत्रित होकर लोगों को रौंदता चला गया।

हादसे में चंद्रबनी निवासी जितेंद्र बिष्ट की मृत्यु हो गई। वे डीएवी कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे। वहीं, चंद्रबनी निवासी रितिक राजपूत गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज वेलवेड हॉस्पिटल में चल रहा है।कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!