देहरादून। प्रदेश की शांति को पता नहीं किसकी नज़र लग गई है। रोज़ कहीं ना कहीं से आपराधिक घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। बुधवार को राजधानी में गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की अति व्यस्त इलाके में हत्या के बाद गुरुवार सुबह हल्द्वानी शहर के गल्ला मंडी इलाके में गोदामों के पास एक युवक और युवती की हत्या कर दी गई। दोनों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। सिर और चेहरा भारी पत्थरों से कुचला गया था। घटनास्थल पर खून सने पत्थर बरामद हुए हैं।
सुबह करीब 7:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 31 वर्षीय शुभम टम्टा (निवासी तल्ला खोलटा, लोहर माल रोड, अल्मोड़ा) और 19 वर्षीय लक्ष्मी (निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल) के रूप में की जा रही है। हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस को घटनास्थल से युवक के पास चंपावत और अल्मोड़ा पते वाले आधार कार्ड मिले हैं। इसके अलावा निरोध, लाइटर और पर्स भी बरामद हुआ है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। वहीं एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने मौके का निरीक्षण कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों हल्द्वानी कब और किस उद्देश्य से आए थे। वर्षों बाद हल्द्वानी में हुए इस डबल मर्डर ने शहर की कानून -व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। घटनास्थल से मिले निजी सामान के आधार पर पुलिस दोनों के संबंधों की प्रकृति खंगाल रही है। क्या यह प्रेम प्रसंग का मामला था या किसी विवाद का परिणाम?
सिर और चेहरे को बुरी तरह कुचलना अक्सर पहचान मिटाने की कोशिश माना जाता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी मृतकों को जानते थे। युवक के पास अलग-अलग जिलों के पते वाले दस्तावेज मिले हैं। इससे यह भी जांच का विषय है कि क्या दोनों किसी काम से शहर आए थे या किसी से मिलने। सूत्रों के अनुसार मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज जांच की दिशा तय करेंगे। पुलिस परिवारजनों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है।












