सेवा सप्ताह कार्यक्रम के तहत दिव्यांगजनों को राज्यपाल बेबी रानी मौर्य एवं मसूरी विधायक ने उपकरण किए वितरित

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। रविवार को देहरादून के राजपुर स्थित आईसीएम संस्थान में उत्तराखण्ड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने 162 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किये। मसूरी विधायक गणेश जोशी के जन्मदिवस (31 जनवरी) के अवसर पर आयोजित सेवा सप्ताह का राज्यपाल ने दीप प्रज्जवलित कर शुभारम्भ किया। जिसमें सात दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं अन्य को चश्में, कान की मशीन, छड़ी आदि उपकरण दिये गये।

 इस अवसर पर राज्यपाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के कल्याण एवं विकास हेतु समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। हम सब का कर्तव्य है कि यथासंभव इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दें। प्रदेशवासियों को बालिका दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा कि बालिकाओं के विकास एवं कल्याण हेतु  प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता है। अभिभावकों के साथ समाज के सभी लोगों को बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु सक्रिय भूमिका निभानी होगी। प्रधानमंत्री का “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ“ अभियान इस दिशा में सहायक सिद्ध होगा। देश के विकास एवं प्रगति में महिलाएं समान योगदान दे रही हैं। लिंगानुपात को बढ़ाने में सरकार के साथ ही समाज को भी आगे आना होगा।

  विधायक जोशी ने कहा कि मेरा जन्मदिवस कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा सप्ताह के रुप में इसलिए मनाया जाता है ताकि समाज के निर्बल वर्ग की क्षमता अनुसार सहायता कर अपनी खुशियों को उनके साथ बांटा जाए। उन्होने दिव्यांगजनों की सहायता के लिए हमेशा आगे आने वाले एनआईवीएच के अधिकारियों का भी आभार जताया और अपील की कि समाज के सभी सम्पन्न एवं क्षमतावान लोगों को अपनी सम्पन्नता का एक हिस्सा समाज के गरीब तबके के साथ बांटना चाहिए। उन्होने राज्यपाल का आभार प्रकट करते हुए कहा कि समाज हित में तथा गरीबों की सेवा हेतु वह हमेशा मुझे आर्शीवाद प्रदान करने के लिए समय देती हैं।

  इस अवसर पर उपाध्यक्ष मैक्स हॉस्पिटल डॉ संदीप सिंह तंवर, राज्यमंत्री टीडी भूटिया, राजीव गुरुंग, विशाल कुल्हान, मोहित अग्रवाल, मंजीत रावत, सुरेन्द्र राणा, अजीत सिंह, संध्या थापा, ज्योति कोटिया, दीपक अरोड़ा, रोशनबाला थापा, उर्मिला थापा, योगेश अग्रवाल सहित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान देहरादून के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!