दून में पाकिस्तानी कनेक्शन: आतंकी संगठन से जुड़ा युवक गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस भी बरामद

6

 

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे से ठीक पहले राजधानी देहरादून में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा बड़ा मामला सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान में बैठे आकाओं को दून के सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों की लोकेशन व वीडियो भेज रहा था।

गिरफ्तार आरोपित विक्रांत कश्यप (29) निवासी झाझरा, प्रेमनगर के कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार आरोपित के संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा से पाए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपित इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और वाट्सएप के जरिये लगातार संपर्क में था और उनके निर्देश पर शहर के संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहा था। उसने आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की वीडियो फुटेज और लोकेशन पाकिस्तान भेजी।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसे “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान” के नाम से शहर की दीवारों पर स्प्रे पेंट कर दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। आरोपित ने कई स्थानों पर पेंटिंग कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी अपने हैंडलर्स को भेजी। एसटीएफ के अनुसार, आरोपित को नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और बदले में धनराशि देने का लालच दिया गया था। मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ जांच तेज कर दी गई है। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले हुई इस गिरफ्तारी को सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आरोपित के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मोदी दौरे को लेकर सुरक्षा घेरा और कड़ा
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए देहरादून में पहले से ही बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। संवेदनशील स्थलों, मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस, खुफिया इकाइयों और केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।