डॉ.भीमराव अम्बेडकर जयंती पर श्रद्धांजलि, कैबिनेट मंत्री खजानदास ने दी शुभकामनाएं

8

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में आज डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने घंटाघर स्थित अम्बेडकर पार्क एवं डीएल रोड पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मंत्री खजान दास ने इस मौके पर बाबा साहेब को नमन करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर केवल संविधान शिल्पी ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और लोकतंत्र के सशक्त प्रतीक थे। उनका जीवन समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि बाबा साहेब का प्रसिद्ध मंत्र— “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो”— आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने आगे कहा कि यह दिन हमें समानता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है और एक समतामूलक समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करता है। भारत रत्न डॉ. अम्बेडकर लोकतंत्र की जीवंत पाठशाला थे, जिनका आधुनिक भारत के निर्माण में अविस्मरणीय योगदान रहा है। एक साधारण दलित परिवार से निकलकर देश के पहले कानून मंत्री बनने तक का उनका सफर संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है।

कार्यक्रम में भाजपा कानपुर मंडल अध्यक्ष राहुल लारा, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता उमा नरेश तिवारी, अजय आकाश, देविका रानी, तारा देवी सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में अम्बेडकर जयंती को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।