सहेली बनी कातिल: सालों पुरानी दोस्त ने लेनदेन के विवाद में कर दी मासूम की हत्या

5

 

सहारनपुर। शहर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां की करीबी सहेली ने ही उसके 14 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और रिश्तों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, नुमाइश कैंप क्षेत्र निवासी 14 वर्षीय अंशुमान एक मई को अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और मामले की जांच शुरू हुई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में अंशुमान अपनी मां की करीबी सहेली पूजा के साथ स्कूटी पर जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूजा को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की।

पूछताछ में पूजा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका अंशुमान की मां के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। वह अंशुमान को बहला-फुसलाकर स्कूटी पर अपने साथ ले गई और अम्बाला रोड स्थित बड़ी नहर पर पहुंचकर उसे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी नहर में तलाशी अभियान चलाया और आज अंशुमान का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

बताया जा रहा है कि आरोपी पूजा और अंशुमान की मां के बीच करीब 15 साल पुरानी दोस्ती थी। इस विश्वासघात ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

खालिद मलिक/राशिद महबूब