देहरादून। राजधानी देहरादून के कांवली रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान सुखदेव सैनी के रूप में हुई है, जो बिहार के सीतामढ़ी का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, सुखदेव रोजी- रोटी की तलाश में देहरादून आया था और कांवली गांव में अन्य मजदूर साथियों के साथ रह रहा था। बुधवार सुबह वह अपने साथियों के साथ लेबर चौक की ओर काम की तलाश में जा रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शव उठाने से भी इनकार कर दिया और मुआवजे के साथ-साथ डंपर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा, लेकिन आक्रोशित भीड़ और पुलिस के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक चलती रही। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी डंपर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इसी बीच कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने भी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहन आम लोगों की जान के लिए खतरा बन चुके हैं। उन्होंने कांवली रोड समेत आबादी वाले इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।












