राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ की बैठक में बड़ा फैसला, 9 निगमों के हजारों कर्मचारी होंगे शामिल
देहरादून। राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ की कार्यकारिणी बैठक मंगलवार को महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश पंत की अध्यक्षता में 66 गांधी रोड स्थित रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न निगमों के कर्मचारी प्रतिनिधियों ने प्रदेश के कर्मचारियों की समस्याओं एवं लंबित मांगों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महासंघ द्वारा पूर्व में शासन एवं राज्य सरकार को भेजे गए मांग-पत्र पर यदि आगामी 21 दिनों के भीतर कोई सकारात्मक एवं ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है, तो राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ प्रदेशव्यापी कार्यबहिष्कार करने के लिए बाध्य होगा।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित कार्यबहिष्कार में प्रदेश के लगभग 9 निगमों के कर्मचारी शामिल होंगे। इसमें उपनल, विशेष श्रेणी, संविदा, पीटीसी, अंशकालिक तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों के कर्मचारी भाग लेंगे। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कई बार शासन और सरकार को ज्ञापन एवं मांग-पत्र सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में कर्मचारियों के पास आंदोलन का रास्ता अपनाने के अलावा कोई विकल्प शेष नहीं बचा है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दिनेश पंत, महासचिव श्याम सिंह नेगी, टी.एस. बिष्ट, मुकेश नैथानी, दिवाकर शाही, जीवानन्द भट्ट, राजेंद्र राणा, अनिल भट्ट, राजेश रमोला, शिशुपाल रावत, प्रेम सिंह रावत, लाल सिंह रौतेला, नमन शर्मा सहित अनेक कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। महासंघ ने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।










