बैरागीवाला में बवाल पर 150 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Astitva Times Desk
4 Min Read

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या और उसके बाद हुई हिंसा और बवाल करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई  की जाएगी

देहरादून। देहरादून जिले के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या के बाद उपजे तनाव और हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 अज्ञात एवं नामजद उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति लगातार संवेदनशील बनी हुई है, जिसके चलते गांव और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी भी प्रकार की अफवाह या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कानून -व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त के साथ ही फ्लैग मार्च  कर रही पुलिस

पुलिस के अनुसार भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था।इसके बाद कुछ स्थानों पर तनाव और विरोध-प्रदर्शन की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा। हालात को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया।

कोतवाल प्रदीप रावत के अनुसार घटना के बाद कानून- व्यवस्था भंग करने, उपद्रव और हिंसा फैलाने के आरोप में एसएसआई मनमोहन सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में करीब 150 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें कई लोगों की पहचान की जा चुकी है, जबकि अन्य की पहचान वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिंसा और उपद्रव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच टीम लगातार घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही सामग्री की भी निगरानी की जा रही है ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।

संवेदनशील बना हुआ है माहौल
बैरागीवाला गांव में घटना के बाद माहौल अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा है। गांव के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस कर्मियों की नियमित गश्त जारी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ भी लगातार संवाद किया जा रहा है ताकि क्षेत्र में सौहार्द और शांति का वातावरण बना रहे।

दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हत्या और उसके बाद हुई हिंसा, दोनों मामलों में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाले हर तथ्य को गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे कानून अपने हाथ में न लें, अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति बहाल करना और दोषियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!